उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। राज्य के छह सीमांत जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ के 250 स्कूली बच्चे बाल विज्ञान महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे हैं। महोत्सव में प्रदेश के सीमांत, दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्र के बच्चों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने के लिए उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) ने शनिवार से प्रथम राज्य स्तरीय सीमांत पर्वतीय जिला बाल विज्ञान महोत्सव की शुरूवात की है।
यूकॉस्ट द्वारा चंपावत जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में 19 व 20 को विज्ञान महोत्सव का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि देश और दुनिया की तकनीक के साथ हमारे राज्य के बच्चे आगे बढ़ें। आज ज्ञान विज्ञान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि ऐसा कोई काम नहीं जो ज्ञान विज्ञान के बिना संभव हो। इस अवसर पर यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि राज्य के छह सीमांत जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ के 250 स्कूली बच्चों का पिछले कुछ हफ्तों में चयन हुआ है जो इस बाल विज्ञान महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इस दो दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य राज्य के दूरस्थ विद्यालयों के छात्रों को पारंपरिक ज्ञान के प्रति संवेदनशील बनाते हुए उनमें वैज्ञानिक सोच का विकास करना और आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का राज्य में वृहद लोक व्यापीकरण करना है।
जानकारी के मुताबिक 20 नवंबर को राज्यपाल गुरमीत सिंह समापन समारोह में प्रतिभाग करेंगे। यूकॉस्ट के प्रबंधक जनसंपर्क अमित पोखरियाल के मुताबिक इस अनोखे बाल विज्ञान महोत्सव में प्रतिभागियों को विज्ञान प्रदर्शनी, वैज्ञानिक कार्यशाला, दूरबीन के माध्यम से आकाश अवलोकन, तारामंडल शो, विज्ञान फिल्म शो आदि के माध्यम से आमंत्रित वैज्ञानिकों के साथ चर्चा करने, उनके व्याख्यान सुनकर उनसे मार्गदर्शन लेने का मौका मिलेगा।
इस महोत्सव में जूनियर वर्ग कक्षा छह से आठवीं और एवं सीनियर वर्ग कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्रों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता (स्थानीय पारंपरिक ज्ञान प्रणाली), नाटक (पर्यावरण संरक्षण जागरुकता) विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कविता पाठन (हिंदी एवं स्थानीय भाषा), कविता पाठन अंग्रेजी का आयोजन किया जा रहा है। देशभर से कई वरिष्ठ वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और चिंतक इस महोत्सव में प्रतिभाग कर रहे हैं।
The post उत्तराखंड के पहले बाल विज्ञान महोत्सव का सीएम धामी ने किया शुभारंभ first appeared on Khabar Uttarakhand News.
0 comments:
Post a Comment