
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया है। गंगालूर थाना क्षेत्र में हुए इस हमले में जवानों को निशाना बनाया गया और सुबह किए गए आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए हैं। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर है। तीनों जवानों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहाड़ी के पास नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट
मीडिया रिपोर्ट में मिली जानकारी के अनुसार पुसनार से सीआरपीएफ 222वीं और 85वीं बटालियन के जवान सोमवार सुबह एरिया डॉमिनेशन के लिए निकले थे इस दौरान जैसे ही जवान गंगालूर की तरफ आगे बढ़ रहे थे तो वहां टेकामेटा पहाड़ी के पास नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इसकी चपेट में आकर 222वीं बटालियन का जवान विशाल, 85वीं बटालियन के जवान रिफान साहू और अमित कुमार घायल हो गए।
घायल जवानों को आई गंभीर चोटें
जानकारी के अनुसार घायल जवानों में रिफान साहू के गले में और अंदरूनी चोटें लगी हैं और जवान विशाल के हाथ-पैर और अंदरूनी चोटें आई हैं जबकि 85वीं बटालियन के अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। ब्लास्ट के चलते उनका पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। तीनों जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पहले से ही आईईडी प्लांट कर रखा था।
0 comments:
Post a Comment